बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: ज्यों ज्यों प्रत्याशियों को टिकट मिल रहे हैं, वे मां के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंच रहे है। वहीं जिन्हें टिकट मिल चुके हैं, उन्होंने माता का आशीर्वाद लेकर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी से श्री नैना देवी के प्रत्याशी जगदीप ठाकुर की पूजा-अर्चना की और टिकट मिलने पर माता जी का आशीर्वाद प्राप्त किया व अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। उनका कहना है कि स्वर्ण समाज के मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच में जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज तक स्वर्ण समाज की किसी ने नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि वह लगातार स्वर्ण समाज के हित को लेकर उनकी पार्टी पूरी तरह से सड़कों पर रही , ना तो उनकी बातें प्रदेश सरकार ने सुनी और ना ही विपक्ष ने। जिसके चलते उन्हें अहम फैसला लेना पड़ा और वह इस चुनाव में उतर कर लोगों का आशीर्वाद प्राप्त करके आने वाले समय में कई जनहित के फैसले लागू करने वाले हैं।
जगदीप ठाकुर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के साथ हमेशा ही भेदभाव किया है जो भी घोषणाएं हुई है, वह पूरी नहीं हुई है। इसके अलावा अस्पताल में डॉक्टर की कमी है। स्कूलों में अध्यापकों की कमी है और लोगों को सुविधाओं के नाम पर मात्र घोषणा ही प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल प्रदेश में लोगों के हितों की लड़ाई के लिए हमेशा अग्रणी रहेगी और लोगों का आशीर्वाद उन्हें पूर्ण रूप से मिलेगा।
