बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: बिलासपुर की महत्वपूर्ण सीट श्री नयना देवी में भी चुनावी माहौल है और उम्मीदवार लोगों से वायदे कर अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी रणधीर शर्मा ने चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के आते ही युवाओं के लिए आठ लाख रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। इंडस्ट्रियल एरिया ग्वालथाई में बड़ी बड़ी इंडस्ट्रीज को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। बददीं व नालागढ़ की तर्ज पर ग्वालथाई को उद्योग हब के रूप में विकसित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी।
ज्यादा से ज्यादा स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रयत्क्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। यही नहीं, नंदबैहल इंडस्ट्रियल एरिया का निर्माण भी प्राथमिकता है और तय औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। आने वाले समय में नंदबैहल भी इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में विकसित किया जाएगा। रणधीर शर्मा ने कहा कि सरकार बनने पर मुख्यमंत्री अन्नदाता योजना की शुरूआत की जाएगी। जिसके तहत छोटे किसानों को तीन हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी, जो कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दिए जा रहे छह हजार रूपए से अलग होगी।
मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की लड़कियों को मिलने वाली सहायता राशि को 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए किया जाएगा। इसके साथ ही छठी से लेकर 12वीं कक्षाओं की छात्राओं को स्कूल जाने के लिए साइकिल जबकि उच्च शिक्षा प्राप्ति के लिए छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध करवाई जाएगी। पार्टी ने इन संकल्पों को संकल्प पत्र में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि सरकार आते ही राज्य के सभी बारह जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावासों को निर्माण किया जाएगा जो कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं को समर्पित होगा। नौकरियों व शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए 33 परसेंट आरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।
