शिमला, संजू -:ब्राह्मण समाज की एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान के लिए कार्यरत ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण महासभा ने हिमाचल प्रदेश में अपने संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा देते हुए कैप्टन अतुल शर्मा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सोहन लाल शर्मा द्वारा राष्ट्रीय कार्यकारिणी से चर्चा के बाद की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सोहन लाल शर्मा ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए कहा कि कैप्टन अतुल शर्मा लंबे समय से समाज सेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व से हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के अभियान को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि महासभा समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान भी तेज करेगी।नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अतुल शर्मा ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित कर युवाओं को सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।इस नियुक्ति के बाद महासभा के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय महामंत्री पंडित साधुराम शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कैप्टन अतुल शर्मा को शुभकामनाए दी हैं।
