Solan, 8 August –भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के सैनवाला-मुबारिकपुर, नाहन और जाट्टान वाला मंडलों में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान बहनों ने उन्हें राखी बांधी.इस मौके पर डॉ. बिंदल ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले केंद्र सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत वर्ष 2025-26 के लिए 12,000 करोड़ रुपये की एलपीजी सब्सिडी को मंजूरी दी है। इस निर्णय से देशभर के 10.33 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश के 1.36 लाख उपभोक्ता भी शामिल हैं।
डॉ. बिंदल ने बताया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम के गैस सिलेंडर पर प्रति रिफिल 300 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। एक लाभार्थी को प्रति वर्ष अधिकतम 9 रिफिल तक यह सब्सिडी मिलेगी। छोटे (5 किलोग्राम) सिलेंडरों पर यह राशि आनुपातिक रूप से लागू होगी।इसके अतिरिक्त, सरकार ने तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को भी 30,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी को स्वीकृति दी है। इससे देश के गरीब तबके को रसोई गैस की सुविधा सुलभ और सस्ती मिलेगी।उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत मई 2016 में देश की गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देने के उद्देश्य से की गई थी। 1 जुलाई 2025 तक कुल 10.33 करोड़ उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं।डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय महिलाओं के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
