चम्बा,मंजूर पठान-:चम्बा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल कोटी में इस मानसून सीजन के दौरान लोक निर्माण विभाग को करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग ने नुकसान का आकलन कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं, क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत के लिए विभाग को पीडीएनए के तहत कुछ बजट भी प्राप्त हुआ है।लोक निर्माण विभाग अब प्राप्त बजट के आधार पर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है, ताकि मानसून के दौरान हुए नुकसान की समय रहते भरपाई की जा सके। इसके साथ ही अन्य प्रभावित कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग भी उच्च अधिकारियों से की गई है।
मानसून के दौरान क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कें प्रभावित हुईं। ऐसे में लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार मौके पर डटी रहीं। विभाग की ओर से संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी तैनात की गई और सड़क मार्गों को बहाल करने के लिए लगातार प्रयास किए गए।
एसडीओ लोक निर्माण विभाग उपमंडल कोटी संजीव कुमार अत्री ने बताया कि मानसून के पूरे सीजन में विभाग लगातार सेवाएं देता रहा। जहां भी सड़कें बाधित हुईं, वहां मशीनरी लगाकर उन्हें खोलने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये के नुकसान का आकलन हुआ है।उन्होंने बताया कि पीडीएनए के तहत प्राप्त बजट से जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा जिन कार्यों के लिए अभी बजट उपलब्ध नहीं हुआ है, उनके लिए भी धनराशि की मांग की गई है, ताकि स्वीकृति मिलते ही विकास एवं मरम्मत कार्य शुरू करवाए जा सकें।

