सुभाष ठाकुर, बिलासपुर: जल शक्ति विभाग घुमारवीं की ओर से सीर खड्ड पर पानी एकत्र करने के लिए बनाए गए चेक डैम क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इनके हालत इतनी खस्ता है कि पानी एकत्र करने के लिए बनाए गए इन चेक डैम के नीचे से पानी बह रहा हैं,बावजूद इसके विभाग की ओर से क्षतिग्रस्त हुए इन चेक डैम को ठीक करने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाया जा रहा हैं। चेक डैम के इस तरह के हाल देखकर इनके निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल यहां खुल रही हैं।
जल शक्ति विभाग की ओर से घुमारवीं के मेला ग्राउंड के पास करीब 22 लाख रुपए की लागत से इस चेक डैम का निर्माण किया गया था। इसके निर्माण के पीछे का कारण यह था कि इस खड्ड में क्षेत्र की दर्जनों पेयजल स्कीमें बनी हुई हैं ओर क्षेत्र के ज्यादातर गांवों को इसी खड्ड से पानी की सप्लाई की जाती हैं। गर्मियों में अक्सर पानी की कमी होने के कारण कईं बार खड्ड सूखने के कगार पर आ जाती हैं और पानी की कमी महसूस की जाती हैं। पानी की कमी को पूरा करने के लिए ही इस चेक डैम का निर्माण किया गया था,ताकि पानी के बहाव को एक जगह रोक कर पानी का संरक्षण किया जा सके और गर्मियों में पानी की किल्लत को दूर किया जा सके।
लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए इस चेक डैम में आई दरार को कई महीने बीत जाने के बाद भी आज तक इसे ठीक नहीं किया जा सका हैं। पानी चेक डैम के नीचे से यथावत बह रहा हैं। जिस वजह से पानी का संरक्षण नहीं हो पा रहा हैं। अगर समय रहते इस डैम को ठीक नहीं किया गया तो गर्मियों में लोगों को भारी पानी की किल्लत से जूझना पड़ सकता हैं। लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए इस डैम की यह स्थिति देखते हुए विभागीय कार्यप्रणाली ओर इनकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं की क्यों लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी इस तरह चेक डैम की अनदेखी की जा रही हैं।
