Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों की पोल एक बार फिर खुलती नजर आ रही है। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल चेतना चौक के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय की हालत बद से बदतर हो चुकी है। रोजाना सैकड़ों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधा के रूप में बना यह शौचालय अब लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शौचालय में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं की जा रही है। पानी की आपूर्ति ठप रहने के कारण गंदगी जमा हो गई है और चारों ओर तेज दुर्गंध फैल रही है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि लोग मजबूरी में भी इस शौचालय का उपयोग करने से बच रहे हैं। इससे न केवल आम जनता को दिक्कत हो रही है, बल्कि स्वच्छता अभियान की जमीनी सच्चाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।चेतना चौक के आसपास के दुकानदारों का कहना है कि शौचालय से उठने वाली बदबू के कारण ग्राहक दुकानों पर रुकने से कतराते हैं। इसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर परिषद को इस समस्या से अवगत करवाया, लेकिन स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हो पाया।
इस मामले पर नगर परिषद बिलासपुर की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने बताया कि चेतना चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय में पानी की समस्या के चलते यह स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आईपीएच विभाग से संपर्क किया गया है। जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक शौचालय को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि लोगों को दुर्गंध और असुविधा से राहत मिल सके।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि शहर के व्यस्त क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए।
