भावना शर्मा, शिमला: राजधानी शिमला में भी रंगों का त्यौहार होली बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। एक और जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नेपीटरहॉफ में अपने समर्थकों के साथ होली मनाई। वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी शिमला स्थित अपने निवास स्थान पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जमकर गुलाल उड़ाया। वहीं यह दोनों नेता राजभवन में राज्यपाल को भी होली की बधाई देने पहुंचे।
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के साथ होली मनाई। होली के इस पावन अवसर पर एक दूसरे को हर मंच पर घेरने वाले सीएम सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर होली के दिन एक मंच पर दिखे। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं ।
होली के मौके पर राजभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजभवन आकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तिलक कर होली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। वहीं लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल ने भी होली कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
