चंबा (मंजूर पठान): मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोमवार को चंबा जिले के सिहुंता क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित लोगों के लिए स्थापितकाकरोटी शिविर का दौरा किया। यहां हटली, थुलेल, बलाना और काकरोटी पंचायतों के लगभग 36 परिवारों को अस्थाई तौर पर आश्रय उपलब्ध करवाया गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण इन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए है ओर प्रशासन की ओर से इन लोगों के लिए यहां रुकने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भेंट की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को दैनिक आवश्यकता की हर वस्तु उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के उपरांत यह पता चलेगा कि उनके घर रहने लायक है या नहीं। इसके बाद प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए उपयुक्त और सुरक्षित भूमि भी चिन्हित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय राजस्व अधिकारी नुकसान का आकंलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के बाद राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एनडीआरएफ और स्थानीय राहत एवं बचाव एजेंसियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के भट्टियात क्षेत्र में भारी बारिश के कारण संपर्क सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से 24 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण किया है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं को 22.11 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है।।
