सोलन/योगेश शर्मा – सोलन में चिल्ड्रन पार्क के जीर्णोद्धार को लेकर मेयर पूनम ग्रोवर, डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा सहित नगर निगम के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क में खराब म्यूजिकल फाउंटेन की जगह ट्वॉय ट्रेन या स्वीमिंग पूल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों को इस बारे में रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया। नगर निगम की इस योजना पर प्रस्ताव तैयार कर हाउस में लाया जाएगा। नगर निगम की टीम ने इस दौरान पार्क में पहुंचे लोगों से बातचीत कर सुझाव भी मांगे। गौरतलब है कि हाउस में योजना के पास होते ही इस फाउंटेन को हटा दिया जाएगा। उसके बाद यहां पर प्रस्तावित प्लान पर कार्य शुरू होगा । इसके अलावा पार्क में बैरिकेड लगाने की योजना भी है।
नगर निगम की मेयर ने कहा कि चिल्ड्रन पार्क में काफी समय से म्यूज़िकल फाउंटेन खराब पड़ा है। जो ठीक होने की स्थिति में नहीं है। इसलिए इसे यहाँ से हटाने के लिए कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिसके लिए आज अधिकारियों के साथ चिल्ड्रन पार्क का दौरा किया गया है।अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए है, ताकि जल्द से जल्द इस खराब पड़े म्यूज़िकल फाउंटेन को यहाँ से हटाया जाए और उसकी जगह पर यहां स्विमिंग पूल या टॉय ट्रेन स्थापित की जाए। वहीँ उन्होंने बताया कि पार्क को बेहतर बनाने के लिए सेल्फी पॉइंट बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है, ताकि जो भी पर्यटक यहाँ आए पार्क में आ कर वह खूबसूरत नज़ारों का आनंद उठा सकें।
