विकास शर्मा,चिंतपूर्णी(TSN): प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शनों के लिए आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाई जा रही हैं। इन इलेक्ट्रिक कार्ट के चलने से चिंतपूर्णी में टैक्सी चलाने वाले ओर श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाने वाले टैक्सी चालकों का कारोबार ठप्प पड़ गया हैं। अपना कारोबार चौपट होने से अब टैक्सी ऑपरेटर्स बड़े परेशान हैं। यही वजह है कि सोमवार को इसी बात का विरोध करने को लेकर चिंतपूर्णी विशाल टैक्सी यूनियन की चिंतपूर्णी से पैदल होकर यात्रा ऊना डीसी कार्यालय के लिए निकाली।
यूनियन की ओर से यह यात्रा उपायुक्त ऊना राघव शर्मा के माध्यम से राष्ट्रपति को आत्म+हत्या की मंजूरी के लिए ज्ञापन देने के उद्देश्य से टैक्सी चालकों ने निकाली। जैसे ही इस रैली की जानकारी विधायक सुदर्शन सिंह बबलू को मिली तो उन्होंने हस्तक्षेप कर इस यात्रा को टैक्सी यूनियन से बात कर स्थगित करवाया।
बता दें कि सोमवार को विधायक सुदर्शन सिंह बबलू चिंतपूर्णी में माता श्री चिंतपूर्णी गेट के शिलान्यास के लिए आ रहे थे तो उन्हें पता चला कि विशाल टैक्सी यूनियन के ड्राइवर चिंतपूर्णी में चल रही इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट के विरोध में ऊना के लिए पैदल रवाना हो रहे हैं। ड्राइवर और मालिकों के साथ उन्होंने पेट्रोल पंप के नजदीक यात्रा को रोक कर उनकी मांगों को सुना और जल्द हल करने का आश्वासन दिया।
टैक्सी यूनियन ने भी विधायक के समक्ष अपनी पूरी बात रखी। उन्होंने बताया कि किस तरह से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलने से किस तरह की कोई परेशानी नहीं है, लेकिन सरकार और मंदिर ने आपको चाहिए कि वह टैक्सी ऑपरेटर्स की परेशानी को भी ध्यान में रखें और उन्हें भी इसमें शामिल किया जाए ताकि उनकी आमदनी का साधन बना रहे।
