विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: चिंतपूर्णी के नजदीक थनीकपुरा में दोपहर तीन बजे के करीब एक 28वर्षीय युवक पांच सौ फुट खाई में जा गिरा। जब स्थानीय लोगों को इस बारे में पता चला तो उन्होंनेे पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद ए.एस.आई सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने चिंतपूर्णी फायर बिग्रेड गाड़ी के साथ होमगार्डों को बुलाया। युवक को इस खाई से निकालना बेहद मुश्किल लग रहा था लेकिन पुलिस और होमगार्ड जवानों ने मिलकर इस युवक को खाई से निकालने में सफ़लता हासिल की।
युवक को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जहां उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस में बैठाकर चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डाक्टर बेहोश हुए युवक के इलाज में जुट गए । बताया जा रहा है युवक मथेड़ गांव का रहने वाला है और हादसे के दौरान उसकी बाइक सड़क पर खड़ी थी। युवक के परिवार वाले भी अस्पताल पहुंच चुके है।
युवक को सुरक्षित खाई से निकालने में पी.सी शंकर दत्त,पी.सी मान सिंह,हवलदार राजीव कुमार,होमगार्ड राज कुमार का अहम योगदान रहा जो बिना देर किए खाई में उतर गए और युवक का रेस्कयू करके उसे बाहर ले आए। वहीं ए.एस.आई सुशील कुमार ने बताया कि अभी तक जांच में यह सामने आया है कि युवक बाइक से उतरकर खड़ा था और चक्कर आने से वह खाई में गिर गया। उन्होंने बताया युवक का नाम मुकेश कुमार है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
