राहुल चावला, धर्मशाला: युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं के वोटर आईडी कार्ड बनाने के लिए एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेकटा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा मतदाताओं से जल्द अपना वोटर आईडी कार्ड बनाने का आग्रह किया।
कार्यशाला में भारी संख्या में युवा मतदाताओं ने भाग लिया । उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव आयोजित होने वाले हैं और इस कार्यशाला का मकसद युवा मतदाताओं को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण करना है, ताकि वह चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बन सके और कोई भी मत के अधिकार से वंचित ना रहे। एसडीम ने बताया कि धर्मशाला कॉलेज में युवा मतदाताओं के साथ संवाद स्थापित किया गया है और उन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन मत बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई है।
शिल्पी बेकटा ने बताया कि युवा मतदाता अपना मत बनाने के लिए बीएलओ या फिर एसडीएम कार्यालय में संपर्क कर सकते है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त तीन ऑनलाइन माध्यमों से भी वोट बनाए जा रहे है। साथ ही वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी नए मत बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के मत बन चुके हैं वह वोटर लिस्ट में अपना नाम अवश्य देख लें ओर अपने वोट को आधार कार्ड के साथ अवश्य लिंक करवाएं ।
उन्होंने कहा कि 11 सितंबर 2022 तक नए वोट बनाए जाएंगे और जो बच्चे 1 अक्टूबर 2022 तक 18 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं वह नए मत बनाने के लिए पात्र होंगे। उन्होंने कहा की ऑनलाइन माध्यम से मत बनाने पर कई प्रकार की कमियां सामने आ रही है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि ऑनलाइन मत बनाते समय अपना फोटो सही से अपलोड करें ताकि उन्हें मतदान बनाने में कोई समस्या ना आए।
