मंजूर पठान , डलहौजी | पर्यटन नगरी डलहौजी के गांधी चौक स्थित सिटी पुलिस चौकी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया है। नए भवन का विधिवत उद्घाटन हिमाचल प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने किया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) डलहौजी अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, उपाध्यक्ष रीना सिंह जरयाल, पार्षद तिलक राज कपूर ‘ज्वाला’ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने कहा कि पुलिस चौकी का नए भवन में स्थानांतरण एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पुराने भवन में स्थान की कमी के कारण पुलिस कर्मियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, जबकि नए भवन में पर्याप्त कार्यक्षेत्र और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है, जिससे वे अधिक सुगमता और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
आशा कुमारी ने गांधी चौक के सौंदर्यीकरण को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुराने पुलिस चौकी भवन को हटाने के बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को उसके मूल स्थान पर पुनर्स्थापित किया जाएगा। साथ ही वर्तमान में जहां गांधी जी की प्रतिमा स्थापित है, वहां बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए आधुनिक हाई-मास्ट लाइट लगाई जाएगी, जिससे चौक का स्वरूप और अधिक आकर्षक बनेगा।
उन्होंने कहा कि नई पुलिस चौकी शुरू होने से न केवल पुलिस प्रशासन को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों और डलहौजी आने वाले पर्यटकों को भी अधिक प्रभावी और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही गांधी चौक क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और शहर के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि नए भवन में स्थानांतरण के बाद पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और पर्यटन नगरी डलहौजी में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
