शिमला-:जिला रोजगार कार्यालय शिमला की ओर से बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 जुलाई को फागू स्थित हॉलिडे इन रिजॉर्ट में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह भर्ती अभियान प्रातः 10:30 बजे शुरू होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के कुल 23 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी प्रवीन नगराईक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत फूड एंड बेवरेज सुपरवाइजर के 5, फ्रंट ऑफिस स्टाफ के 6, फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के 7 तथा कॉमिस-I, कॉमिस-II और कॉमिस-III के कुल 5 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होना होगा।उन्होंने बताया कि विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। फूड एंड बेवरेज सुपरवाइजर और फ्रंट ऑफिस स्टाफ के लिए बीएससी होटल मैनेजमेंट, फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के लिए होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा तथा कॉमिस श्रेणी के पदों के लिए फूड प्रोडक्शन में डिप्लोमा अनिवार्य है। पदानुसार आयु सीमा 25 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 18,881 रुपये से लेकर 25,500 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया में महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश रोजगार विभाग के ईईएमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे इंटरव्यू से पहले ऑनलाइन आवेदन पूरा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 98161-20249 पर संपर्क कर सकते हैं।
