मंडी :धर्मवीर – वल्लभ डिग्री कॉलेज मंडी में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया जब यहां एबीवीपी के कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। दरअसल एबीवीपी के कार्यकर्ता प्रधानाचार्या का घेराव करके उन्हें गेट के पास ही ज्ञापन देना चाहते थे। इसलिए प्रधानाचार्या ने पहले से ही पुलिस सुरक्षा मांग ली थी और पुलिस भी कॉलेज में तैनात हो गई थी। जैसे ही प्रधानाचार्या महोदया गेट के पास पहुंची तो पुलिस ने उन्हें सुरक्षा देने का काम किया लेकिन एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने भी घेराव करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और इसी दौरान इनकी पुलिस के साथ भिडंत हो गई।
पुलिस ने एबीवीपी के करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और उन्हें थाने ले गए। इस दौरान पुलिस ने कुछ पर हल्का बलप्रयोग भी किया और उन्हें थप्पड़ भी लगाए। मीडिया को वक्तव्य दे रहे एबीवीपी के विभाग संयोजक विशाल ठाकुर के साथ खड़ी दो कार्यकर्ताओं को भी पुलिस मीडिया के सामने पकड़कर थाने ले गई। विशाल ठाकुर ने कहा कि पिछले कल जब कालेज प्रशासन ने उनका ज्ञापन स्वीकार नहीं किया तो आज गेट पर ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया, लेकिन इस दौरान पुलिस ने उनके खिलाफ जो कार्रवाई की वो उचित नहीं थी। पुलिस व कालेज प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। यदि यही रवैया चलता रहा तो फिर एबीवीपी उग्र प्रदर्शन करेगी।वहीं, जब इस बारे में सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सकीनी कपूर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि 10-12 छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया गया था। हिरासत में लिए गए छात्र-छात्राओं ने अपनी बात रखी। सभी को समझा-बुझा कर मामला शांत करवा दिया गया है। इस संदर्भ में कोई भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।
