अरविंदर सिंह,हमीरपुर: रविवार को प्रदेश भर में हुई भारी बारिश के चलते कई जगहों से नुकसान की खबरें सामने आई हैं। इसी कड़ी में हमीरपुर ज़िला के उपमंडल सुजानपुर के तहत आने वाले खैरी क्षेत्र में भी बादल फ़टने की बात फैल रही थी जिसे प्रशासन ने नकार दिया हैं। प्रशासन का कहना हैं कि बादल फटने जैसी कोई घटना क्षेत्र में नहीं हुई हैं बल्कि पानी का फ्लड आया था। उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि तथ्यों का पूरी तरह से ज्ञान होना बहुत जरूरी है क्योंकि इस तरह की अफवाहें माहौल को बिगाड़ देती हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई सूचना मिलती है तो प्रशासनिक स्तर पर और पंचायत स्तर पर उसे वेरीफाई कर लें।
उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने कहा कि प्रशासन आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद हैं और सभी पुख्ता इंतजाम किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान बारिश के कारण कई जगहों पर नुकसान हुआ हैं। प्रशासन की तरफ से नुकसान का आंकलन किया जा रहा हैं और सभी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में काफी अधिक बारिश हो रही है ऐसे में लोगों को भी एहतियात बरतने की नितांत आवश्यकता हैं। खड्ड, नालों ओर नदी के आसपास ना जाएं ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
बता दें कि हमीरपुर के तहत आने वाले उपमंडल सुजानपुर के क्षेत्र में रविवार शाम को पानी का भारी फ्लड आने की वजह से कुछ घरों में पानी सहित मलबा घुस गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान पंचायत घर की दीवार को भी काफी क्षति पहुंची थी। इसी के बाद से क्षेत्र में बादल फटने की अफवाह भी जोर पकड़ रही थी जिसे प्रशासन ने पूरी तरह से नकार दिया हैं।
