Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिन प्रदेश में मौसम फिर बिगड़ सकता है और कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 20 जून से तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है। वहीं, प्रदेश में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग ने किया येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मौसम वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि इस समय प्रदेश के निचले इलाकों में तापमान 33 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि मध्यवर्ती क्षेत्रों में 25 से 32 डिग्री और ऊपरी इलाकों में 21 से 27 डिग्री दर्ज किया गया है। आने वाले पांच दिनों में शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, कांगड़ा और मंडी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें कांगड़ा में सबसे अधिक 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। 20 से 22 जून के बीच कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।वहीं, मानसून की सामान्य तारीख 25 जून है, लेकिन इस बार यह समय से पहले हिमाचल में पहुंच सकता है, क्योंकि प्रदेश में मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
