धर्मशाला : राहुल चावला (TSN)- सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने करीब नौ माह पहले बिजली कर्मियों को भी पुरानी पेंशन देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक ओपीएस नहीं मिल पाई है। 18 जनवरी को सरकार ने वार्ता के लिए बुलाया है, उसके बाद आगामी रणनीति बनाई जाएगी। वार्ता के दौरान बिजली बोर्ड में ओपीएस बहाली और एमडी की स्थायी नियुक्ति की मांग प्रमुख रहेगी। यह बात विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मण कापटा ने शुक्रवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कही।
कापटा ने कहा कि बिजली बोर्ड कर्मी ओपीएस को तरस रहे हैं, लेकिन इनकी फाइल कभी सरकार तो कभी बिजली बोर्ड मुख्यालय में धक्के खा रही है। इस संबंध में न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही कोई अधिसूचना अभी तक जारी की गई है। उन्होंने कहा कि 11 जनवरी को शिमला में विशाल प्रदर्शन के बाद सरकार ने 18 जनवरी को वार्ता के लिए बुलाया है। जिसमें विद्युत बोर्ड कर्मियों व पेंशनर्स को हर माह की पहली तारीख को वेतन व पेंशन देने की मांग जोर-शोर से उठाई जाएगी। यही नहीं विद्युत बोर्ड में ओपीएस की बहाली के साथ स्थायी एमडी की नियुक्ति का मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। कापटा ने कहा कि 18 को सरकार यदि मांगें मान लेती है तो ठीक है, अन्यथा उसके बाद आगामी रणनीति बनाकर यह निर्णय लिया जाएगा कि आंदोलन को कितना विराट रूप देना है।
