शिमला/कमल भारद्वाज: हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को वोटिंग के बाद चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए हैं। हिमाचल विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आए एग्जिट पोल पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। जिसमें उन्होंने बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का दावा किया है। सीएम जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि निश्चित रूप से बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी सत्ता में लौटेगी और रिवाज़ बदला जाएगा। सीएम ने कहा कि अधिकांश एग्जिट पोल में यह देखने को मिल रहा है कि हिमाचल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। वहीं कुछ जगह ऐसी भी हैं, जहां कांटे की टक्कर दिखाई जा रही है। सीएम ने कहा कि एक आध सर्वे में बताया गया है कि यहां कांटे की टक्कर है, लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं कि हिमाचल में पहले भी कांटे की टक्कर रही है और टक्कर के बिना चुनाव भी क्या है। सीएम ने कहा कि हम सर्वे से भी आगे जाएंगे।
जयराम ठाकुर ने किया ये दावा
प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ये दावा किया है कि बीजेपी प्रदेश में रिवाज बदलने जा रही है। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने इस बार घरों से निकल रिकॉर्ड तोड़ मतदान किया और यह मतदान हिमाचल बीजेपी के पक्ष में है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि 8 दिसंबर को आने वाले नतीजों से कांग्रेस पार्टी को भी वास्तविकता पता चल जाएगी। और भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में आएगी।
