मंडी/परी शर्मा: दिल में कुछ करने और आत्मनिर्भर बनने का जज्बा हो तो उम्र मायने नहीं रखती। जोगिंद्रनगर निवासी 90 वर्षीय कांशी राम, जो इस उम्र में भी न केवल अपनी आजीविका स्वयं कमा रहे हैं, बल्कि लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का भी काम कर रहे है। कांशीराम 60 वर्षों से जोगिंद्रनगर में ड्राई क्लीन का काम कर रहे हैं और लोगों की वे अभी भी पहली पसंद है।

आमूमन एक व्यक्ति सरकारी दस्तावेजों के तहत 58 या 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही सेवा से मुक्त हो जाता है। 60 वर्ष की आयु के बाद व्यक्ति किसी भी प्रकार की आजीविका कमाने के कार्य से मुक्त हो जाता है और सरकार वरिष्ठ नागरिक का दर्जा प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित कई तरह के अन्य लाभ उपलब्ध करवाती है। लेकिन बावजूद इसके आज भी हमारे समाज में ऐसे कई लोग मिल जाएंगे जो लंबी उम्र बीतने पर भी न केवल कार्य करना पसंद करते हैं बल्कि आजीविका कमाकर लाखों लोगों विशेषकर हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का भी कार्य कर रहे हैं। ऐसे ही एक शख्स हैं जोगिन्दर नगर निवासी लगभग 90 वर्षीय कांशी राम, जो इस उम्र में भी न केवल अपनी आजीविका स्वयं कमा रहे हैं बल्कि लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का भी काम कर रहे हैं।

लगभग 60 वर्षों से कर रहे ड्राई क्लीन का काम
जोगिन्दर नगर में पिछले लगभग 60 वर्षों से ड्राई क्लीन का काम करने वाले कांशी राम का कहना है कि 1930 के दशक में उनका जन्म हमीरपुर जिला के टौणी देवी में हुआ है। माता पिता की 10 संतानों जिनमें चार भाई व 6 बहनें शामिल हैं में से एक हैं।हंसमुख व बेहद खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी कांशी राम कहते हैं कि उनके सात बच्चे हैं जिनमें 6 बेटियां व एक बेटा है। बेटियों को थोड़ा बहुत पढ़ा लिखाकर उनकी शादियां कर दी। जबकि बेटे को नागपुर महाराष्ट्र से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करवाई है। बेटा आजकल जलशक्ति विभाग में सहायक अभियन्ता के पद पर कार्यरत है। उनका कहना है कि उम्र के इस पड़ाव में भी वे निरन्तर ड्राई क्लीन के कार्य में व्यस्त रहते हैं। पहले उनके साथ कई दूसरे लोग भी काम करते थे ,लेकिन उम्र के पड़ाव में उनके इस कार्य में अब उनकी धर्मपत्नी मन्सा देवी ही उनका हाथ बंटाती है। बच्चे उन्हे अब यह कार्य छोड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन काम के प्रति जुनून इतना कि वे प्रतिदिन ड्राई क्लीन के इस कार्य से उन्हे निरन्तर जुड़े रहना बेहद पसंद है, बल्कि आत्म संतुष्टि की अनुभूति भी होती है। साथ ही कहते हैं कि उनके ड्राई क्लीन कार्य के प्रति क्षेत्र के लोगों का विश्वास व प्यार आज भी बरकरार है जो उनकी एक पूंजी भी है।

