मंडी,धर्मवीर(TSN)-पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृहक्षेत्र सराज के लोगों ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के संबोधन में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई।जब सीएम का संबोधन शुरू हुआ तो उससे पहले ही अधिकतर पंडाल खाली हो चुका था।जैसे ही सीएम ने अपना संबोधन शुरू किया तो लोग उठकर अपने घरों की तरफ जाने लग गए। हालांकि कुछ कांग्रेसी नेताओं ने लोगों को रोकने का प्रयास भी किया लेकिन वे लोगों को रोक नहीं पाए।
बता दें कि मंगलवार को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सराज विधानसभा क्षेत्र के बाखली नेचर पार्क में एक जनसभा को संबोधित करने यहां आए हुए थे। इससे पहले उन्होंने क्षेत्र के लोगों को 53.89 करोड़ की लागत से बने नेचर पार्क की सौगात भी दी। सराज कांग्रेस के नेताओं के भाषण के बाद पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर और उसके बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का संबोधन हुआ। शाम करीब 4 बजे सीएम ने बोलना शुरू किया लेकिन तब तक बहुत से लोग जा चुके था। करीब 25 मिनट के संबोधन की समाप्ति तक अधिकतर पंडाल खाली हो चुका था। हालांकि मौजूदा लोगों ने सीएम के संबोधन को सुना भी और जमकर तालियां भी बजाई। लोगों के जाने की एक वजह ठंड भी रही, क्योंकि सीएम के संबोधन तक जनसभा स्थल से धूप जा चुकी थी और लोगों ने ठंड में अपने घरों की तरफ जाना ही उचित समझा। सीएम सुक्खू ने भी वापिस शिमला जाना था, ऐसे में दिन ढलने के बाद उनका हैलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाता। इसलिए सीएम भी संबोधन के तुरंत बाद जनसभा स्थल से रवाना हो गए। आयोजकों की तरफ से पंडाल में 1300 कुर्सियां लगाई गई थी जबकि इसके अलावा वहां सीढ़ीयों पर भी लोगों के बैठने का प्रबंध किया गया था। शुरूआत में करीब 2500 लोग इस कार्यक्रम में मौजूद रहे लेकिन बाद में इनकी संख्या आधी ही रह गई थी।
