Hamirpur, Arvind-:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध होगी, क्योंकि प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड का दर्जा देने का निर्णय लिया गया है। इनमें धनेटा स्कूल भी शामिल है, जो क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं एक सामान्य परिवार से उभरकर आए हैं, इसलिए वे सरकारी एवं महंगे प्राइवेट स्कूलों की शिक्षा में मौजूद अंतर को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने समारोह में उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों से नशा-निरोधी अभियान में पूर्ण सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ सख्त लड़ाई शुरू की है और समाज के हर वर्ग का योगदान इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षकों और अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की दिनचर्या, संगत और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि नशे जैसी बुराइयों से उन्हें दूर रखा जा सके।सुनील शर्मा बिट्टू ने यह भी कहा कि यदि किसी शिक्षण संस्थान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी तुरंत सूचना संबंधित विभाग को दी जाए। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और नशामुक्ति—दोनों क्षेत्रों में सामूहिक प्रयास ही समाज को सुरक्षित और मजबूत दिशा देंगे।
