Shimla, Sanju (TSN)-इंजीनियर विमल नेगी की रहस्यमयी मौत मामले में सीबीआई जांच के आदेश के बाद जहां भाजपा ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर सरकार पर हमला तेज कर दिया है, वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा पर संवेदनहीन राजनीति करने का आरोप लगाया है।
सरकार ने उठाए हर कदम, भाजपा सिर्फ राजनीति में व्यस्त – नरेश चौहान
नरेश चौहान ने कहा कि विमल नेगी की दुखद मौत की परिस्थितियाँ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और सरकार की पूरी संवेदना उनके परिजनों के साथ है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने शुरुआत से ही पीड़ित परिवार की मांगों के अनुरूप कार्रवाई की। इसमें आरोपित अधिकारियों को निलंबित करना, एफआईआर दर्ज करना, एसआईटी का गठन करना और विभागीय जांच शुरू करना शामिल है।
सीबीआई जांच का स्वागत, भाजपा की मंशा पर सवाल
नरेश चौहान ने कहा कि सरकार सीबीआई जांच का स्वागत करती है क्योंकि इससे सच सामने आएगा। लेकिन भाजपा इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दे रही है और मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को पीड़ित परिवार से कोई संवेदना नहीं है, केवल सत्ता हथियाने की मंशा से वह इस संवेदनशील मामले को उछाल रही है।
मुख्यमंत्री ने उठाए प्रदेश हित के मुद्दे – दिल्ली दौरे का ब्योरा
नरेश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री हाल ही में दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों और प्रधानमंत्री से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के लंबित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसमें विशेष रूप से जीएसटी शेयर से जुड़े वित्तीय मसलों को केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष रखा गया।
डीजीपी विवाद पर भी बोले चौहान
एसपी द्वारा डीजीपी और मुख्य सचिव पर लगाए गए आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के शिमला लौटने के बाद इस मामले पर विस्तृत चर्चा होगी और जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
