शिमला : कमल भारद्वाज ( TSN)- मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली एम्स से स्वस्थ होकर वापस शिमला लौट आए । प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का वापस लौटने पर स्वागत किया ।अपने आधिकारिक आवास पहुंचने पर मुख्यमंत्री का फूलों की वर्षा से स्वागत किया गया ।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और जन सेवा के लिए वापस काम पर लौट आए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें वक्त पर खाना खाने की सलाह दी है ।साथ ही उन्हें अगले दो महीने तक रेस्ट करने के लिए भी कहा है । मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सेहत के लिए रेस्ट करने के साथ जन सेवा में भी जुटेंगे । मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी गैर मौजूदगी में प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों ने बेहतरीन काम किया । उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की 18 नवंबर को होने वाली बैठक में प्रदेश हित से जुड़े कई अहम फैसले लिए जाएंगे । मुख्यमंत्री ने राजस्थान विधानसभा चुनाव प्रचार में जाने पर असमर्थता जाहिर की है ।
दीपावली के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दीपावली के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी ।उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के लिए यह दीपावली सुख और समृद्धि लेकर आएगी । उन्होंने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश को पूरे देश में नंबर वन राज्य बनाने की प्रतिबद्धता को भी दोहराया ।
प्रदेश के डीजीपी के साथ आम लोगों के लिए कानून एक समान
वहीं, हिमाचल प्रदेश में पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के खिलाफ मिली शिकायत पर हाई कोर्ट के संज्ञान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस संदर्भ में हाईकोर्ट में जवाब दायर करेगी । उन्होंने कहा कि नियमों के मुताबिक पहले शिकायत की जांच होती है । शिकायत के तथ्यों के आधार पर ही एफआईआर दर्ज की जाती है । मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश के डीजीपी के साथ आम लोगों के लिए कानून एक समान है । कानून किसी के लिए बदला नहीं जाता, उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही कानून सम्मत कार्रवाई होगी ।
