ऊना,राकेश-: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। चताड़ा मोड़ के पास एचआरटीसी की बस और छात्रों से भरे एक कोचिंग सेंटर के टेंपो की टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब टेंपो हाईवे पर यू-टर्न लेकर कोचिंग सेंटर की ओर जा रहा था, जबकि एचआरटीसी की बस ऊना की दिशा में जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो जैसे ही यू-टर्न ले रहा था, तभी दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद टेंपो में सवार बच्चे घबरा गए। स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि टेंपो में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हालांकि, एक छात्र को मामूली चोट आई है।
टक्कर के कारण टेंपो को काफी नुकसान पहुंचा। वाहन के शीशे टूट गए और कांच अंदर सीटों पर बिखर गया, जिससे बच्चे सहम गए। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि चताड़ा मोड़ पर बना यू-टर्न पहले भी कई सड़क हादसों का कारण बन चुका है। उनका मानना है कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और यातायात प्रबंधन की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
