अरविंदर सिंह, सुजानपुर : प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आज कांग्रेस,बीजेपी सहित आम आदमी पार्टी और आजाद उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। वहीं सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजेंद्र राणा ने सुजानपुर चौगान से लेकर सुजानपुर बाजार तक रैली का आयोजन किया। इस मौके पर राजेंद्र राणा ने बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की नीतियों से जनता तंग आ चुकी है जिसके चलते जनता ने मन बना लिया है कि बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस सुजानपुर में पूरी तरह से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान हो चुकी थी लेकिन अब लोग उसे सत्ता से बाहर करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे हर समय सुजानपुर की जनता का सहयोग मिला है और आगे भी सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ावा दिया है जिसकी वजह से जनता बीजेपी से पीछा छुड़वाना चाहती है।
राजेंद्र राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की ओर से चुनाव ना लड़ने के सवाल पर कहा कि यह बीजेपी का निजी मामला है किसे चुनाव लड़ाना है किसे चुनाव नहीं लड़ाना है। राजेंद्र राणा ने कहा की कांग्रेस पार्टी ने जनता से जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा इसी के चलते जनता से वोटों की अपील भी की जा रही है।
