ऊना:राकेश (TSN)-लोकसभा चुनाव अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुके हैं।हिमाचल प्रदेश में 1 जून को मतदान है,इसके मद्देनजर सभी राजनीतिक दल प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।इसी क्रम में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने भी कुटलैहड़ विधानसभा के बंगाणा में अपने लिए वोट मांगे ।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की उपस्थिति में रायजादा ने कांग्रेस के पूर्व स्थानीय विधायक और मौजूदा भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो को एक बार फिर से बिकाऊ बताया। उन्होंने भुट्टो द्वारा जनता और सरकार दोनों को धोखा दिए जाने का आरोप लगाया ।वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंदी बीजेपी उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर भी शाब्दिक प्रहार किया । उन्होंने अनुराग ठाकुर पर भाखड़ा विस्थापितों की आवाज बुलंद नहीं किए जाने का आरोप लगाया । रायजादा ने अग्निवीर योजना को युवा विरोधी बताते हुए अनुराग ठाकुर को घेरा और एनडीए सरकार द्वारा इस योजना के तहत युवाओं को धोखा दिए जाने का भी आरोप लगाया ।
