ऊना:राकेश (TSN)-हिमाचल प्रदेश के विधानसभा उपचुनावों में सूरज के बढ़ते हुए तापमान के साथ साथ राजनीतिक तापमान भी प्रचंड होता जा रहा है।आरोप प्रत्यारोप का दौर तीखा और तूफानी होता जा रहा है।इसी का एक प्रमाण दिखाई दिया कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में,जहां से कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक शर्मा ने अपने प्रतिद्वंदी देवेंद्र भुट्टो पर तीखे और गंभीर आरोप लगाए हैं ।
कांग्रेस उम्मीदवार ने डोर टू डोर कैंपेन के दौरान लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगे । इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो पर तीखा ह*मला बोला ।विवेक शर्मा ने राजनीति में आने पर सबका अगला पिछला इतिहास उजागर किए जाने का जिक्र करते हुए भुट्टो का भी सारा चिट्ठा खोलने का दावा किया।कांग्रेस उम्मीदवार विवेक शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो के कुछ चुनावी वायदों का जिक्र करते हुए उन पर एक तरफ जहां जनता से किए वादे पूरे नहीं किए जाने का आरोप लगाया,वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंदी के पुराने काम का जिक्र करते हुए उनकी संपत्ति के ईमानदारी से जुड़ी होने पर भी सवाल खड़े किए । कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी पर तीखे प्रहार करते हुए उन पर अधिकारियों को डरा धमका कर टेंडर रद्द कर दोबारा बढ़ी हुई कीमत से टेंडर जारी करवाने का आरोप भी लगाया।यही नहीं विवेक शर्मा ने देवेंद्र भुट्टो पर जनता के रक्षक की जगह भक्षक के रूप में काम करने और जनता का खून चूसने का आरोप भी लगाया ।
