नीरज डोगरा,शिमला: कांग्रेस की ओर से विधानसभा चुनावों को लेकर चौपाल में खोले गए चुनाव कार्यालय को बंद कर दिया गया है। इस चुनाव कार्यालय को बंद करने का विरोध चौपाल विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे सुभाष मंगलेट ने जताया है। चुनाव कार्यालय बंद होने पर मंगलेट कांग्रेस पर भड़क गए और कांग्रेस उम्मीदवार रजनीश किमटा पर लोगों को धमकाने के आरोप लगाए।
सुभाष मंगलेट ने कांग्रेस नेताओं से गलत परंपरा की शुरुआत न करने की चेतावनी भी दी हैं। मंगलेट ने कहा कि नामंकन भरने के बाद चौपाल में कार्यालय खोला गया था। वहां पहले बैठकें भी हुई, लेकिन अब दबाव बनाकर कार्यालय बंद करवा दिया गया है। मंगलेट ने इसे कांग्रेस नेताओं की तानाशाही करारा दिया है। चौपाल विधानसभा क्षेत्र से आजाद प्रत्याशी सुभाष मंगलेट ने कहा कि भले ही उनका ऑफिस बंद करवा दिया गया हो, लेकिन उनकी जगह लोगों के दिलों में है।
मंगलेट ने कहा कि वे तो अपना कार्यालय सड़क पर बैठकर भी चला सकते हैं, लेकिन कांग्रेस नेता ऐसी हरकतें कर पार्टी को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी चुनाव होते रहे, लेकिन इस तरह की घिनौनी हरकत कभी चुनाव में नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि चुनाव में किसी का अपमान न हो। मंगलेट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग धमकियां दे रहे हैं, इससे पार्टी की बदनामी हो रही है।
