अरविंदर सिंह,हमीरपुर: कांग्रेस की ओर से अपने घोषणापत्र में ओपीएस और महिलाओं को प्रति माह 15 सौ रुपए देने की घोषणा पर भाजपा लगातार कांग्रेस को घेर रही है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस ने घोषणा तो कर दी हैं लेकिन इन्हें पूरा करने के लिए बजट कहां से आएगा भाजपा के इसी बात का जवाब मंगलवार को हमीरपुर ने आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस सोशल मीडिया की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से वित्त समिति से सलाह मशवरा और आंकलन करने के बाद ही प्रदेश के लिए घोषणाएं कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में की है। सभी घोषणाओं को पूरा करने के लिए बजट कहां से आएगा इस बारे में जानकारी ली गई है।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को प्रदेश को भारी कर्ज़ तले डुबाने के मुद्दे पर घेरा और कहा कि इतना कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में विकास नाम की कोई चीज नहीं देखी गई । वहीं बेरोजगारों को भी रोजगार उपलब्ध नहीं हो पाया हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. धूमल की ओर से कांग्रेस की ओर से महिलाओं को दी जाने वाली राशि पर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को पहले सरकार से यह भी पूछना चाहिए कि जो 51 फीसदी कर्ज हिमाचल पर बढ़ा है उसका जिम्मेवार कौन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर जब कुछ खर्च नहीं हुआ तो यह पैसा कहां गया।
सुप्रिया श्रीनेत ने प्रदेश में आम आदमी पार्टी के भविष्य के सवाल पर कहा कि सोलन की रैली ने यह सिद्ध कर दिया है कि आम आदमी पार्टी हिमाचल में क्या स्थान रखती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली व पंजाब में सरकारों की कारगुजारी को देखते हुए लोगों का उन पर से विश्वास उठ चुका है।
वहीं उन्होंने हमीरपुर जिला में टिकट आवंटन में हुए बदलाव पर कहा कि परिस्थितियों को देखकर टिकट बदला जा सकता है और हमीरपुर में पार्टी में पूरे आंकलन के बाद ही यह फैसला लिया होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत के साथ जीतेगी और सरकार बनाएगी।
सुप्रिया ने राहुल गांधी के हिमाचल में प्रचार में ना आने के विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और पार्टी तीन मुद्दों को लेकर इस यात्रा को कर रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है जिसको देखकर विपक्ष बौखला गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी प्रचार में लगी हुई है और उन्होंने हर क्षेत्र में रैलियां भी की है।
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से कांग्रेस को बिना दूल्हे की बारात कहने पर सुप्रिया ने पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को जिस तरह से भाजपा ने चुनावों में टिकट नहीं दिया है उससे उनकी बौखलाहट नज़र आती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में चुने हुए विधायक ही अपने नेता का चुनाव करते हैं और वही मुख्यमंत्री बनता है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की नीति रही है जो हर प्रदेश में लागू रहती है।
