Hamirpur, Arvind Singh (TSN)- वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा ने भारतीय सेना द्वारा हाल ही में पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश और सेना के साथ खड़ी है। हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में कांग्रेस केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ है।
मेडिकल कॉलेज में नई सुविधाओं पर जताया आभार
डॉ. वर्मा ने हिमाचल प्रदेश कैबिनेट द्वारा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए गैस्ट्रोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और न्यूरोलॉजी जैसे तीन सुपर स्पेशलिस्ट विभागों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेशवासियों को अपने ही जिले में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि मेडिकल कॉलेज के लिए 118 नए पदों की भी स्वीकृति दी गई है। डॉ. वर्मा ने बताया कि दीपावली से पहले मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल भवन और प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा।
वहीं वर्तमान अस्पताल भवन में पाई जा रही कमियों और कुछ निजी लैब्स से जबरन टेस्ट करवाने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विषय को गंभीरता से ले रही है। जल्द ही एक डेलिगेशन अस्पताल का निरीक्षण करेगा और मुख्यमंत्री को इस पर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता पाई गई, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
