Una, Rakesh (TSN)-एक ओर जहां देश पाकिस्तान पर हुई कार्यवाही को लेकर संतोष जता रहा है, वहीं हिमाचल प्रदेश में पेंशन न मिलने जैसी मूलभूत समस्याएं पेंशनरों को परेशान कर रही हैं। हिमाचल परिवहन कल्याण संगठन की मासिक बैठक में पेंशनरों ने सरकार और परिवहन मंत्री के खिलाफ नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए नारेबाज़ी की।
सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन
संगठन के सदस्य सतपाल शर्मा ने बताया कि हर माह की 7 तारीख को नियमित बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें पेंशनरों की समस्याओं पर चर्चा की जाती है। उन्होंने बताया कि पेंशन समय पर नहीं मिल रही है—कभी 15, कभी 20 या फिर 25 तारीख को भुगतान हो रहा है। इसके अलावा, उनके मेडिकल बिलों का भुगतान भी लटकाया जा रहा है और अन्य वित्तीय लाभ भी नहीं दिए जा रहे हैं।पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि बार-बार सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो राज्यभर में आंदोलन तेज़ किया जाएगा।
