सोलन/योगेश शर्मा: देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 105वीं जयंती पर देश भर में उन्हें याद किया गया। वहीं सोलन में भी कांग्रेस पार्टी कार्यालय में उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, इंदिरा गांधी साहस की पर्याय थीं। उन्होंने अमीरों के एकाधिकार को तोड़ दिया, गरीबों की देखभाल की और भारत के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए शक्तिशाली राष्ट्रों को ललकारा।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया और अंत में जीवन का भी बलिदान दिया। अपने कार्यकाल में उन्होंने अच्छे कार्य किए हैं और लंबे समय तक देश का नेतृत्व किया है। उनके कार्य को हमेशा याद रखा जाएगा और आज इस मौके पर उनके योगदान और उनके बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है। शिवकुमार ने कहा कि इंदिरा गांधी का देश की अखंडता और एकता के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने बैंको का राष्ट्रीयकरण किया और किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त करवाया। 1971 में पाकिस्तान को शिकस्त दी, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि ऐसी महान शख्सियत से हम सबको प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
