नाहन/देवेन्द्र कुमार: विधानसभा चुनाव को लेकर हुए मतदान में जनता का मैंडेट ईवीएम मशीनों में कैद हो चुका है। ईवीएम मशीनों को कड़ी सरक्षा घेरे में रखा गया है। बावजूद इसके एक राजनीतिक दल स्ट्रांग रूम के बाहर 24 घंटे पहरा दे रहा है। जिला मुख्यालय नाहन स्थित डॉ वाईएस परमार पीजी कॉलेज नाहन में स्ट्रांग रूम बनाया गया है जहां पर 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान की ईवीएम मशीन रखी गई है। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बावजूद इसके पिछले 2 दिनों से एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता यहां टेंट में बैठकर ईवीएम मशीनों की सीसी टीवी के माध्यम से निगरानी कर रहे हैं। यह कार्यकर्ता 24 घंटे में भारी बारिश से यहां बैठकर निगरानी कर रहे हैं।

ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका
मीडिया से बात करते हुए ईवीएम की पहरेदारी में रात्रि में बैठे कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीजेपी के सत्ता में होने से ईवीएम में छेड़छाड़ की आशंका के चलते वह लोग दिन-रात पहरा दे रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक चुनावी परिणाम नहीं आ जाते, तब तक कार्यकर्ता दिन-रात बारी-बारी से यहां पहरा देंगे।
3 टायर सिक्योरिटी में रखी गई है ईवीएम मशीनें
चुनाव अधिकारी एवं डीसी सिरमौर राम कुमार गौतम ने बताया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के दृष्टिगत पुख्ता इंतजाम किए गए है। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए यहां पर 3 टायर सिक्योरिटी तैनात की गई है। साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए गए हैं, जिसके माध्यम से स्ट्रांग रूम की पल-पल की अपडेट ली जा सकती है। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़े आला अधिकारी भी समय-समय पर निरीक्षण पर पहुंचते हैं। इस परिसर में केवल कुछ ऑथराइज लोग ही प्रवेश कर सकते हैं। रिटर्निंग अधिकारियों को भी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके ईवीएम की सुरक्षा में कोई संशय न रहे इसके लिए पार्टी प्रतिनिधियों के लिए टेंट में ठहरने व सीसीटीवी के माध्यम से ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था को एलईडी के माध्यम से दिखाने की भी व्यवस्था की गई है। बकायदा इन प्रतिनिधियों को पास जारी किए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम मशीन थ्री टायर सिक्योरिटी के साथ-साथ सीसीटीवी की निगरानी में है। परंतु हैरानी इस बात की है कि कुछ राजनीतिक दलों को फिर भी सुरक्षा को लेकर संशय है।
