सोलन/योगेश शर्मा: सोमवार को सोलन में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के स्टार प्रचारक हरीश रावत ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने हिमाचल की जनता से अपील की है कि 2024 में देश की राजनीति में बदलाव लाने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिताएं। रावत ने कहा कि इस मौके से उत्तराखंड से चूक गया लेकिन हिमाचल के लोगों को यह समझना होगा। हरीश रावत ने राहुल गांधी को तपस्वी की संज्ञा देते हुए कहा कि जिस तरह से भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी तपस्या कर रहे हैं उसका फल 2024 में जरूर मिलने वाला है।
बिना नाम लिए धूमल पर भी रावत कस गए तंज
हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 5 सालों में प्रदेश की जयराम सरकार विफल रही है और अब प्रदेश की जनता के पास एक मौका कांग्रेस को देने के लिए है। उन्होंने कहा कि जयराम कार्यकाल शुरू होते ही 1 साल बाद प्रदेश की जनता को वीरभद्र याद आने लगे थे, क्योंकि उन्होंने विकास का मॉडल हिमाचल में अपनाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता भी जान चुके हैं कि जयराम उन पर बोझ है। हरीश रावत ने धूमल का नाम लिए बिना यह कह दिया कि भाजपा एक को तो निपटा चुके हैं वहीं अब दूसरे की बारी है।
अग्निवीर भर्ती योजना पहाड़ी राज्यों के युवाओं के साथ खिलवाड़
हरीश रावत ने केंद्र सरकार के अग्निवीर भर्ती योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल और उत्तराखंड के युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है, क्योंकि यहां के युवा भारतीय सेना में सेवा देने के लिए हमेशा आगे रहते हैं। हरीश रावत ने कहा कि महंगाई बेरोजगारी और ओपीएस की चोट इस बार हिमाचल प्रदेश में होने वाली है और प्रदेश में कांग्रेस सत्तासीन होगी।
