अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनावों में बेहद कम समय बाकी रह गया है। सभी प्रत्याशी यहां चुनावी प्रचार प्रसार में अपना पूरा समय दे रहे है। चुनावों के चलते हैं जहां सियासी पारा प्रदेश में चढ़ा हुआ है तो वही इस बारे में बढ़ोतरी अब नादौन विधानसभा क्षेत्र से पिछले विधानसभा चुनाव में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ने वाले पूर्व जिला परिषद सदस्य लेखराज शर्मा ने कर दी है। इसके पीछे की वजह है कि उन्होंने इलाके के ही पूर्व भाजपा विधायक पर बेवजह उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप लगाया हैं।
उन्होंने नादौन में पत्रकार वार्ता कर को संबोधित करते हुए कहा कि वह पिछले 24 सालों से भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं लेकिन जिस ढंग से उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया गया है उसके चलते वे इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी सुखविंदर सिंह का समर्थन करेंगे और अगर सब ठीक रहा तो वह कांग्रेस पार्टी भी जॉइन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने हर जगह उन्हें परिवारिक रुप से नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है उनके साथ जो जो किया गया उसके बारे में उन्होंने पूरी जानकारी वीडियो के माध्यम से दी और कहा कि उन्होंने कभी भी पार्टी से पद नहीं मांगा। उनका एक स्टोन क्रेशर भी चलता था जिसे बंद करवाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई। मजबूरन उन्हें अब उस क्रेशर को ही बेचना पड़ गया, लेकिन अब वह चुप बैठने वाले नहीं है और जहां-जहां पर भी नादौन इलाके में भ्रष्टाचार हुआ है उसकी वह पोल खोलेंगे।
लेखराज शर्मा ने कहा कि जब उनकी पत्नी का दिल्ली में ऑपरेशन हो रहा था उस समय उनकी झूठी शिकायतें की गई। तत्कालीन वीरभद्र सरकार को गुमराह करने का प्रयास किया गया और जब जांच हुई तो सारी सच्चाई सामने आई। उनके खिलाफ कुछ भी नहीं निकला। उन्होंने हमेशा भाजपा के लिए काम किया है लेकिन उन्हें तंग करने की कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी गई। उन्होंने कहा कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर अब उन्होंने मन बना लिया है कि वह इस विधानसभा चुनाव में भाजपा पार्टी को समर्थन ना देते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी सुखविंदर सिंह सुक्खू का समर्थन करेंगे।
