राकेश,ऊना: विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने पार्टी प्रत्याशियों के लिए हरोली में चुनावी समर्थन जनता से मांगा। हरोली से भाजपा प्रत्याशी रामकुमार के समर्थन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जहां हरोली की जनता से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार को समर्थन देने की अपील की तो वहीं इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी मंच से जमकर हमला बोला।
अपने संबोधन में योगी ने कांग्रेस को देश के विनाश और माफिया राज की पार्टी बताया । उन्होंने कांग्रेस को वन माफिया,भू माफिया, खनन माफिया, ड्रग माफिया की पार्टी बताया। इसके साथ ही योगी ने देश के विकास और माफिया राज को समाप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी बीजेपी सरकार को दोबारा लाए जाने के लिए मतदान की जाने की अपील की ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने देश में आतंकवाद की जड़ें उत्पन्न करने के लिए ही कांग्रेस की ओर से जम्मू कश्मीर में दर्शन धारा 370 लगाए जाने का आरोप भी लगाया । उन्होंने हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को देश का सबसे युवा मंत्री बताते हुए इसे हिमाचल के लिए गर्व का विषय बताया और इस गर्व की अनुभूति के लिए भी हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को वोट दिए जाने की अपील की ।
