Hamirpur, Arvind-:कांग्रेस हाईकमान ने संगठन को मज़बूत करने और ज़िलों में पार्टी गतिविधियों की समीक्षा के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर भेजने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद एवं गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को हमीरपुर ज़िला कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया है। ज़िला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने जानकारी दी कि गोहिल 24 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय सर्किट हाउस में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
25 नवंबर को शक्ति सिंह गोहिल टाउन हॉल में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जिला स्तर पर चल रही राजनीतिक गतिविधियों, संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। बैठक में पार्टी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ क्रमवार बैठकों का आयोजन करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती का आकलन किया जा सके।सुमन भारती ने बताया कि 26 नवंबर को गोहिल जिला के विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों और अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारियों से मुलाकात कर कार्यप्रणाली से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट लेंगे। 27 नवंबर को वे जिले की विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं तथा उनके प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे, ताकि सामाजिक मुद्दों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की जा सके।
कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता राजेंद्र राणा द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सुमन भारती शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को बनाए रखने के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पहले ही निर्देश दे चुके हैं कि किसी भी स्तर पर कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुमन भारती ने कहा कि सरकार “मित्रों की सरकार” है, जिसमें वन मित्र, पशु मित्र और रोगी मित्र जैसी सभी श्रेणियाँ शामिल हैं। उन्होंने राजेंद्र राणा को जिम्मेदारी से बयान देने की सलाह भी दी।
