Chintpurni, Vikas-:सप्ताहांत पर चिंतपूर्णी धाम एक बार फिर श्रद्धा और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। रविवार को मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाजारों में भक्तों की चहल-पहल बनी रही और दिनभर लगातार भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि देर शाम तक 15 हजार से अधिक श्रद्धालु मां के पवित्र दर्शन कर लेंगे।
सुबह से ही भक्त निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं के तहत मां की पवित्र पिंडी के दर्शन के लिए कतारों में लगे दिखे। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतज़ाम किए थे। पुराने बस स्टैंड के पास बने वेरी गेट सहित गेट नंबर 1, 2 और 3 पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में होमगार्ड के जवान और एक्स सर्विसमैन तैनात रहे। उन्होंने भक्तों को अनुशासन बनाए रखने, कतार में चलने और निर्देशों का पालन करने की अपील की, जिससे भीड़ के बावजूद दर्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही।श्रद्धालुओं, विशेषकर दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए मंदिर न्यास द्वारा चलाई जा रही सुगम दर्शन प्रणाली रविवार को बेहद कारगर साबित हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का लाभ लिया और लिफ्ट मार्ग से बिना भीड़भाड़ के मां के सुगम दर्शन किए। यह व्यवस्था बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरी है।
मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल ने बताया कि शनिवार और रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या अन्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहती है। ऐसे में प्रशासन हर वीकेंड विशेष तैयारियां करता है। उन्होंने बताया कि दर्शन प्रक्रिया को सुचारू रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं।मड़ियाल ने कहा कि भक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए आगामी दिनों में भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक श्रद्धालु बिना परेशानी और सुरक्षित वातावरण में मां के दर्शन कर सके।
