अरविंदर सिंह,हमीरपुर: राहुल गांधी को मानहानि केस में 2 साल की सजा मिलने के बाद इस फ़ैसले का असर हिमाचल में भी देखा जा रहा हैं। कांग्रेस की ओर से इस फ़ैसले का विरोध जताया जा रहा हैं जिसके चलते शुक्रवार को पूरे प्रदेश में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया। हमीरपुर में भी जिला कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय से लेकर गांधी चौक तक विरोध रैली निकाली और धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में यह रोष प्रदर्शन किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि उनके नेता के खिलाफ केंद्र सरकार की ओर से षड्यंत्र किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह से बौखला चुकी हैं। यही वजह है कि उनके खिलाफ जब कुछ नहीं बना तो मानहानि के मामले में उन्हें दो वर्ष की सज़ा सुना दी गई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ इस सजा के विरोध में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में आज विरोध प्रदर्शन कर रही हैं और केंद्र सरकार की तानाशाही नीति के खिलाफ आगे भी आवाज बुलंद करती रहेगी।
हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के बढ़ते कदमों और राजनितिक कद को भाजपा पूरी तरह बौखला चुकी हैं। यही वजह है कि उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया और 2019 के मामले में उन्हें दो वर्ष की सज़ा सुनाई हैं, लेकिन कांग्रेस इस कदम को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को इस घटना के दूरगामी परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
