राकेश,ऊना: बीजेपी सरकार की नीतियों और अडानी के खिलाफ़ सोमवार को ऊना में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस की ओर से ऊना स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कार्यालय के सामने केंद्र सरकार पर एलआईसी और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का हजारों करोड़ रुपए अदानी ग्रुप में लगाए जाने के आरोप के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी समेत सभी कार्यकर्ताओं ने इस धरने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस जिला प्रधान रंजीत राणा व कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा की अगुवाई में यह प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस जिला प्रधान रंजीत राणा ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए देश के लोगों की गाढ़ी कमाई को खतरे में डाल रही हैं। उन्होंने कहा कि अडानी समूह में एलआईसी व एसवीआई बैंक ने हजारों करोड़ का निवेश किया हैं। अडानी के खातों में घोटाले के सामने आने के बाद कांग्रेस को देश के उन लोगों की चिंता हैं, जिन्होंने अपने खून पसीने की गाढ़ी कमाई इन वित्तीय संस्थानों में लगा रखी हैं।
रंजीत राणा ने साफ कहा कि जल्द ही केंद्र सरकार को इस पर कोई एक्शन नहीं लिया तो कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी। अभी तो उन्होंने बैंक और एलआईसी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया हैं, लेकिन आने वाले दिनों में वह सड़कों पर उतर कर अपनी आवाज बुलंद करेगी।
