ऊना, राकेश-: जिला कांग्रेस कमेटी ऊना ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर रोष रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका गया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारतीय निर्वाचन आयोग के कामकाज और मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल के दौरान लिए गए कुछ फैसलों को लेकर आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR प्रक्रिया, मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने तथा निर्वाचन आयोग के आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। ज्ञापन में दावा किया गया है कि दो चुनाव आयुक्तों ने पिछले करीब दस महीनों के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा लिए गए कुछ निर्णयों पर औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं।जिला कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए गए आरोपों की कानून के अनुसार जांच करवाने, उन्हें पद से हटाने और उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रमुख निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की है। इसके अलावा मतदाता सूचियों में हुए बदलावों की निष्पक्ष समीक्षा तथा SIR प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के आईटी सिस्टम के केंद्रीकरण से जुड़े फैसलों की पारदर्शी जांच की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

