संजु चौधरी,शिमला: शिमला नगर निगम का चुनावी बिगुल बज चुका हैं। इन चुनावों को लेकर कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दल भी तैयारियों में जुट गए हैं। सभी राजनीतिक दल चुनावों से जुड़ी तैयारियां कर रहे हैं इसी बीच शिमला शहरी कांग्रेस विधायक हरीश जनारथा ने शिमला नगर निगम में कांग्रेस की जीत का दावा किया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों को लेकर पूरी तरह से तैयार है और जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
कांग्रेस जीते हुए उम्मीदवारों को ही चुनावी मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास के मुद्दों को लेकर नगर निगम चुनाव लड़ेगी। शहर में सही तरीके से स्मार्ट सिटी के तहत कार्य करवाने के साथ ही सभी वार्डों में एक समान पानी मुहैया करवाने ओर हर वार्ड में एंबुलेंस सड़क सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार की ओर से स्मार्ट सिटी के तहत शहर में बेतरतीब तरीके से कार्य किए गए हैं। कई प्रोजेक्ट की जीडीपीआर तक नहीं बनाई गई ओर पैसा बर्बाद किया गया। स्मार्ट सिटी के तहत लोगों के सुझाव लेना जरूरी हैं,लेकिन पूर्व की सरकार ने मनमर्जी से कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि शिमला शहर में गर्मियों में हर साल ही पानी की समस्या से जूझना पड़ता हैं। पूर्व सरकार ने 24 घंटे पानी की सप्लाई देने का वादा किया था लेकिन कई हिस्सों में कई दिनों तक पानी नहीं मिलता हैं। सभी वार्डों में एक समान पानी की सप्लाई मिले इस पर कार्य किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शहर की जनता को दस गारंटियां देने जा रही है और मेनिफेस्टो भी जारी करेगी और सत्ता पर काबिज होने पर सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा।
