Hamirpur, Arvind Singh ( TSN)-केंद्र सरकार द्वारा देश में जातिगत जनगणना कराने के फैसले पर कांग्रेस पार्टी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता की जीत बताया है। कांग्रेस के प्रदेश पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि यह फैसला भले ही अब लिया गया हो, लेकिन इसकी नींव कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रखी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद से लेकर सड़कों तक राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की मांग को मजबूती से उठाया, जिसे पहले भाजपा नेताओं ने खारिज कर दिया था।
प्रेम कौशल ने विशेष रूप से हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे पहले संसद में राहुल गांधी का उपहास उड़ाते थे और इस मुद्दे को अव्यवहारिक बताते थे। अब वही नेता केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जिसे कौशल ने ‘राजनीतिक यू-टर्न’ बताया।कौशल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही समाज के कमजोर, वंचित और अल्पसंख्यक वर्गों के उत्थान के लिए काम करती रही है। जातिगत जनगणना के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता साफ होगा।
