Dharamshala,Rahul chawla(TSN)-हर साल की तरह इस बार भी आईपीएल मैचों के चलते धर्मशाला में स्टेडियम के बाहर चहल-पहल बढ़ गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए वेंडर्स ने स्टेडियम के बाहर अपने स्टॉल्स लगा लिए हैं, जहां कैप, टीशर्ट, हेडगियर, और बाजे जैसे क्रिकेट फैन आइटम्स बिक रहे हैं। शुक्रवार सुबह जब टिकट लेने पहुंचे क्रिकेट प्रेमी कतार में खड़े थे, उसी दौरान कई लोगों ने मैच से पहले खरीदारी की।
देशभर से पहुंचे क्रिकेट प्रशंसक,धर्मशाला की सुंदरता के मुरीद
धर्मशाला स्टेडियम के दर्शनीय सौंदर्य और वातावरण से प्रभावित होकर देश के अलग-अलग राज्यों से पर्यटक यहां पहुंचे हैं। दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और पंजाब से आए क्रिकेट प्रेमियों ने बताया कि टीवी पर जो देखा था, यहां आकर उससे कई गुना अधिक खूबसूरती का अनुभव हुआ।
“धर्मशाला जैसी जगह और कहीं नहीं”
दिल्ली से आए अतुल अग्रवाल, जो लगभग एक दर्जन लोगों के ग्रुप में शामिल हैं, ने कहा, “हम लोग खासतौर पर मैच देखने के लिए यहां आए हैं। हमारे ग्रुप में मुंबई, चेन्नई और दिल्ली के लोग शामिल हैं। पंजाब और लखनऊ के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर सभी बेहद उत्साहित हैं।”
“यहां का मौसम लाजवाब है”
मुंबई से आए राजेश ने धर्मशाला की तारीफ करते हुए कहा, “हम लोग घूमने के साथ-साथ 4 मई का मैच देखने आए हैं। यहां का मौसम इतना सुहावना है कि वापस लौटने का मन ही नहीं करता। मुंबई में ऐसा मौसम कभी देखने को नहीं मिलता।”
