संजीव महाजन, नूरपुर: प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आते ही डिपो संचालकों की सभी मांगों को हल किया जाएगा। डिपो संचालकों को प्रतिमाह कांग्रेसी की ओर से 20 हजार वेतन के रूप में देगी जिससे कि वह अपने किराए भत्ते दे सकें। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय महाजन ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की ओर से डिपो संचालकों के लिए की गई घोषणाएं मात्र काग़ज़ी घोषणा ही रही है। उनकी मांगों पर कोई माकूल कार्रवाई नहीं की गई है। महाजन ने कहा कि प्रदेश में करीब 5100 और जिला कांगड़ा में करीब 1200 डिपो संचालक अपनी सेवाऐं दे रहे है जिन्हें उनके काम के मुताबिक नाममात्र वेतन दिया जा रहा है। इससे उनका गुजर बसर करना बेहद मुश्किल है। सरकार ने उनका वेतन बढ़ाने के साथ साथ कमीशन के तौर पर तीन से बढ़ाकर चार फीसदी करना और चीनी पर सात रुपए से 50 रुपए प्रति क्विंटल कमीशन देने की घोषणा की थी लेकिन इस पर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।
महाजन ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने तय किया है कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह डिपो संचालकों का वेतनमान 20 हजार रुपए करेगी और उनकी अन्य मांगों को पूरा किया जाएगा। इस अवसर प्रदेश प्रवक्ता सुदर्शन शर्मा विक्रम पठानिया भी मौजूद रहे।
