विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: जसवां-प्रागपुर में कांग्रेस की जीत का दावा कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने किया है । उन्होंने कहा कि यहां भाजपा प्रत्याशी की ज़मानत जप्त होगी। यह बात उन्होंने चिंतपूर्णी के बाजार में डोर टू डोर कैंपेन करने और वोट मांगने के दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
इस मौके पर उन्होंने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि भाजपा के बड़े-बड़े नेता भी इन चुनावों में जमानत जप्त होने से नहीं बचा पायेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रागपुर में हुई केंद्रीय मंत्री अमित शाह की रैली के लिए गृह मंत्री को 2 घंटे का इंतजार करना पड़ा क्योंकि वहां पर भीड़ इकट्ठा नहीं हो पाई थी। इसके अलावा उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार में आने पर जनता को राहत देगी जिसमें सबसे पहले कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिया जाएगा।
वहीं 18 वर्ष से ऊपर की हर महिला को 15 सौ रुपए महीना कांग्रेस देगी। कांग्रेस महंगाई को कम करने के लिए भी प्रयास करेगी और बेरोजगार युवाओं के लिए अपना काम करने के लिए 650 करोड़ के फंड का भी प्रावधान करेगी। अपनी जीत के साथ-साथ सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने दावा किया कि कांग्रेस हिमाचल में 50 सीटों के साथ सरकार बनाएगी क्योंकि जयराम सरकार के 5 सालों में लोग ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
