विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी के साथ लगती गंगोट पंचायत के तुषार गर्ग हत्याकांड के मामले में डीजीपी संजय कुंडू ने घटनास्थल का दौरा किया। इस मौके पर एसपी ऊना अर्जित सेन,डीएसपी देहरा विशाल तिवारी,एसएचओ चिंतपूर्णी रोहिणी ठाकुर और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
घटनास्थल का दौरा करने के बाद डीजीपी संजय कुंडू ने परिवार के सदस्यों के साथ भी मुलाकात की और। उन्हें सांत्वना दिया। डीजीपी ने उन्हें आश्वस्त किया कि आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मौके पर एसपी ऊना अर्जित सेन ने बताया तुषार गर्ग हत्याकांड के मामले का संज्ञान लेकर डीजीपी संजय कुंडू ने एक मेकैनिज्म बनाने का आदेश दिया है, जिसमें देहरा थाना दूर होने के कारण देहरा थाना की इस एरिया में पेट्रोलिंग का काम चिंतपूर्णी पुलिस करेगी। अगर कोई घटना होती है तो चिंतपूर्णी पुलिस ही इस मामले को इन्वेस्टिगेट करेगी जबकि चार्ज शीट दाखिल करने की जिम्मेवारी देहरा पुलिस की होगी,जिससे जूरिडिक्शन की समस्या पर काबू पाया जा सकेगा।
इसके अलावा डीएसपी देहरा विशाल तिवारी ने बताया कि तुषार गर्ग हत्याकांड के मामले में पुलिस ने 9 में से 8 आरोपियों को पकड़ लिया है जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है जिसे भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि देेहरा पुलिस की चौकी खोलने के लिए भी बात हुई है परंतु जब तक चौकी नहीं खोली जाती तब तक चिंतपूर्णी पुलिस की ओर से इस क्षेत्र में पेट्रोलिंग का काम किया जाएगा। इसके अलावा चिंतपूर्णी में रह रहे सभी प्रवासियों की वेरिफिकेशन का काम जल्दी पूरा किया जाएगा।
बता दें कि 19 नवंबर 2022 तुषार की दिनदहाड़े गोली मारकर अज्ञात लुटेरों ने हत्या कर दी थी। मृतक युवक की हाल ही में कुछ समय पहले शादी हुई थी।मिली जानकारी के अनुसार यह 6 लुटेरे लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे और 3 अन्य आरोपी घर के बाहर खड़े रहे जिसमें चार के पास रिवाल्वर थी।इन्होंने पहले फ्लोर पर किराए पर रह रहे परिवार की महिला को बंधक बनाया और एक लुटेरा उस महिला के पास खड़ा रहा ताकि वह महिला शोर न मचा सके बाकी 5 लुटेरे फिर दूसरे माले पर रह रहे होलसेल के व्यापारी के परिवार के लोगों को बंधक बनाया उनके मोबाइल और गहने छीन लिए। परिवार के युवक को जब इस इस घटना के बारे में पता लगा तो उसने अपनी जान जोखिम में डालकर बहादुरी से लुटेरों को पकड़ने की कोशिश की, जिसमें एक लुटेरा नीचे गिर गया और घायल हो गया। एक लुटेरे के घायल होने पर दूसरे लुटेरे ने युवक पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भी युवक ने लुटेरों को पकड़ने का भरसक प्रयास किया परंतु लुटेरे वहां से भागने में कामयाब रहे।
