मंडी/परी शर्मा – भाजपा प्रदेश सचिव व मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी बिहारी लाल ने कहा कि नेतृत्व और नीति विहीन हो चुकी कांग्रेस अब डूबता जहाज बनकर रह चुकी है। कांग्रेस के ही तमाम नेता पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम रहे हैं। प्रदेश की जनता भी जानती है कि कांग्रेस में केवल मात्र वर्चस्व की लड़ाई है जनता के हितों की सुध लेने का किसी भी कांग्रेसी नेता के पास समय ही नहीं है। उन्होंने बताया कि आज कांग्रेस संगठित नहीं बल्कि कई गुटों में बंटी पड़ी है । जबकि भाजपा जयराम ठाकुर के नेतृत्व में संगठित होकर आगामी चुनाव के लिए तैयार खड़ी है।उन्होंने कहा जहां 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी संसदीय क्षेत्र के हरेक विधानसभा में पहुँच रहें है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आने वाले दिनों में पार्टी के कई कार्यक्रम और गतिविधियां प्रदेश भर में आयोजित की जाएंगी। जिनमें केंद्रीय नेतृत्व से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य कई बड़े नेता प्रदेश के दौरे पर रहने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के मंडल स्तर पर सम्मेलनों का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए बैठक कर मंडलश रूपरेखा तैयार की जा रही है। बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि जयराम सरकार में लाभकारी योजनाओं के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है और हरेक विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ जिला भर के विकास में भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि जिला भर में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करीब 75 हजार करोड रुपए के विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया गया है। जबकि कुछ योजनाएं जल्द ही जनता को समर्पित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर चुनाव के मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं को जन जन तक मौजूदा सरकार के हर विकास कार्य को पहुंचाना होगा।
बिहारी लाल ने कहा कि केंद्र सरकार की प्रायोजित योजनाओं के लोकार्पण के लिए निकट भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे को निकटतम ज़िला होने के कारण सफल बनाने में भी पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से प्रयास करने होंगे।
